हर घर तिरंगा अभियान के तहत फिरोजाबाद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
Gargachary Times
13 August 2026, 19:46
70 views
Firozabad
फिरोजाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को गांधी पार्क मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रध्वज के सम्मान और हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। गांधी पार्क चौराहे से शुरू हुई यात्रा सदर बाजार होते हुए राधाकृष्ण मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल देशभक्तिमय बना रहा।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे अपलोड करने का आह्वान करते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की।