एसआरके डिग्री कॉलेज में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
Gargachary Times
14 August 2026, 21:39
31 views
Firozabad
फिरोजाबाद। एसआरके डिग्री कॉलेज में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा, कॉलेज के प्राचार्य, प्रवक्ताओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सहित उपस्थित लोगों द्वारा विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। वक्ताओं ने भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन के दर्द तथा वर्तमान समय में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।सदर विधायक मनीष असीजा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी विभाजन के उस गहरे दर्द को सीधे तौर पर महसूस नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय में कक्षा या सेक्शन बदलने पर बिछड़ने का दर्द महसूस होता है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन लोगों पर क्या बीती होगी, जिन्हें अपना घर, खेत-खलिहान, रिश्ते-नाते और सदियों पुरानी जड़ें छोड़कर विस्थापित होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान दोनों ओर से दो करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हुए और लाखों लोगों ने जान गंवाई। युवाओं से इतिहास से सीख लेते हुए देश की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने तथा देश को बांटने वाली ताकतों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
खाद्य अधिकारी चंदन पांडे ने भी विभाजन से उत्पन्न परिस्थितियों, चुनौतियों और परिणामों पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. रवि माहेश्वरी और प्रो. डॉ. विजेंद्र मिश्रा ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका पर आधारित दो मिनट की लघु फिल्म भी दिखाई गई। अंत में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।