वृंदावन में उद्योग व्यापार मंडल की भव्य तिरंगा बाइक रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
Gargachary Times
16 August 2026, 20:47
42 views
Mathura
वृंदावन।
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के पावन अवसर पर धर्मनगरी वृंदावन देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, वृंदावन के तत्वावधान में नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल 'बॉबी' के कुशल नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया।
रैली का विधिवत शुभारंभ नगर निगम चौराहे पर अपर नगर आयुक्त, डिप्टी मेयर, व्यापार मंडल के संरक्षक ठाकुर कालीचरण सिंह एवं नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल 'बॉबी' द्वारा संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया गया। इसके उपरांत सैकड़ों की संख्या में दोपहिया वाहनों पर तिरंगा थामे व्यापारी और युवा कार्यकर्ता 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों के साथ नगर भ्रमण पर निकले।
बाइक रैली ने संपूर्ण वृंदावन नगर का भ्रमण किया। रैली के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का जोरदार स्वागत किया। सैकड़ों बाइकों के अनुशासित काफिले और कार्यकर्ताओं के गगनभेदी जयकारों ने रैली को शहर भर में चर्चा और आकर्षण का केंद्र बना दिया।
इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।