Loading...

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, 32 सेक्टर और 10 जोन में बांटे गए मार्ग

Gargachary Times 16 August 2026, 20:56 40 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, 32 सेक्टर और 10 जोन में बांटे गए मार्ग
फिरोजाबाद। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एटा मार्ग सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं कांवड़ियों की सुविधाओं का जायजा लिया। कांवड़ यात्रा मार्गों को सुरक्षा की दृष्टि से 32 सेक्टर और 10 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर और जोन में जिम्मेदार अधिकारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। कांवड़ियों की सुविधा के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, सुगम आवागमन तथा प्रमुख मार्गों पर कांवड़ शिविरों की व्यवस्था की गई है। वहीं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट, अतिरिक्त पुलिस बल और व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार रात-दिन निगरानी एवं मॉनिटरिंग कर रही हैं। अधिकारियों द्वारा मार्गों पर यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों को भी लगातार परखा जा रहा है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं पर नजर रखें, ताकि कांवड़ यात्रा निर्विघ्न, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Follow Samachar24