एसपी ग्रामीण ने कोर्ट पैरवीकारों और मालखाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश
Gargachary Times
17 August 2026, 20:38
40 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
पुलिस कार्यालय में सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न न्यायालयों में नियुक्त कोर्ट पैरवीकारों एवं थानों के हेड मालखाना मोहर्रिरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुकदमों की प्रभावी पैरवी और मालखाने में दाखिल वाहनों के शीघ्र निस्तारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण ने न्यायालयों में विचाराधीन मुकदमों की पैरवी के दौरान अभियोजन प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने गवाहों की न्यायालय में उपस्थिति तथा साक्ष्यों की कार्यवाही शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जघन्य एवं चिन्हित अपराधों में शामिल शातिर अपराधियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी पैरवी करते हुए कड़ी सजा दिलाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में थानों के हेड मालखाना प्रभारियों को वर्ष 2025 से पूर्व मालखाने में दाखिल समस्त वाहनों का मूल्यांकन कराने और न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। एसपी ग्रामीण ने कहा कि न्यायालय की अनुमति के बाद नीलामी की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो तथा वाहनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक अरविंद नरवाल सहित जनपद के समस्त थानों के कोर्ट पैरवीकार एवं मालखाना प्रभारी मौजूद रहे।