छात्रों से फावड़ा चलवाने के मामले ने पकड़ा तूल, सपा ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
Gargachary Times
16 July 2025, 21:07
165 views
Bulandshahr
बुलंदशहर: पीएम उच्च प्राथमिक विद्यालय टाउन स्कूल में विद्यार्थियों के हाथ में किताब थामने की बजाय खुरपी और फावड़े थाम कर क्लास में पढ़ाने की जगह स्कूल के परिसर में खुदाई और घास की सफाई करते वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों के अभिभावकों में स्कूल स्टाफ के प्रति गहरा रोष है। मामला समाचार पत्रों और मीडिया में प्रकाशित होने के बाद समाजवादी छात्रसभा ने भी स्कूल में विद्यार्थियों से फावड़ा चलवाने का विरोध करते हुए मामले की जांच कर संबंधित प्रधानाचार्य व शिक्षकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम संबोधित गुलावठी के खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। पी.एम. श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से फावड़ा चलवाने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। विद्यालय में विद्यार्थियों से फावड़ा चलवाने एवं घास कटवाने के वायरल वीडियो के विरोध में कार्यवाही की मांग करते हुए समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष नितिन गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि स्कूल के मासूम विद्यार्थियों से घास कटवाने, फावड़ा चलवाने एवं अन्य श्रम कार्य कराए जा रहे हैं। यह अत्यंत निंदनीय एवं शर्मनाक है। बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराना न केवल बाल श्रम कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके मौलिक अधिकारों और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समाजवादी छात्रसभा ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालो में जिला अध्यक्ष छात्र सभा नितिन गुर्जर, सपा के नगर अध्यक्ष शहजाद अल्वी, फरीद, गौरव, रवि गुर्जर, अकरम कुरैशी, दीपक शर्मा, इस्लामुद्दीन, फरमान आदि शामिल थे।