Loading...

लूटकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Gargachary Times 18 August 2026, 20:22 40 views
Firozabad
लूटकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
थाना फरिहा पुलिस ने 11 अगस्त को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित लुटेरों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए रुपये, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, कारतूस और छुरा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को गौरव पुत्र सुखपाल निवासी भारत टॉकीज के पीछे मोहल्ला शांति, थाना रसूलपुर, कुबेरपुर से गौतमबुद्ध नगर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की कार सवार अज्ञात लोगों ने उसे गौतमबुद्ध नगर छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में उसे डराकर उसका मोबाइल फोन ले लिया गया और फोन-पे के माध्यम से उसके खाते से रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उसे ग्राम डबारा, थाना फरिहा क्षेत्र में उतारकर आरोपी फरार हो गए थे।मामले में थाना फरिहा पर मुकदमा अपराध संख्या 162/2026 धारा 127(2), 308(2), 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के दौरान पांच आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस के मुताबिक 17/18 अगस्त की रात फरिहा पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित दो आरोपी गागनी रोड पर खोखे के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, आवाज देने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गज्जू उर्फ गजेन्द्र उर्फ घंटोली के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं भाग रहे दूसरे आरोपी अनमोल उर्फ रामू को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2,910 रुपये, लूटा गया मोबाइल फोन, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक अवैध छुरा बरामद हुआ है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक बाल अपचारी को पूर्व में पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिक कार्रवाई की जा चुकी है और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की जा चुकी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow Samachar24