बाल श्रम के खिलाफ अभियान, पांच बच्चों को कराया मुक्त
Gargachary Times
18 August 2026, 20:23
53 views
Firozabad
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी एएचटी के निकट पर्यवेक्षण में मंगलवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना पुलिस एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने बाल श्रम रोकथाम अभियान चलाया। पूर्व में की गई रेकी और सुरागरसी के आधार पर टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाल श्रमिकों की तलाश की।
अभियान के दौरान थाना दक्षिण एवं थाना उत्तर क्षेत्र के साथ ही रामगढ़ और टूंडला क्षेत्र में कार्रवाई की गई। टीम ने सुहागनगर, भीमनगर, आकाशवाणी और झलकारी नगर आदि क्षेत्रों में चेकिंग करते हुए कुल पांच बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया।रेस्क्यू किए गए बच्चों के संबंध में मौके पर मौजूद श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने बाल श्रम उन्मूलन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द करते हुए उन्हें बाल श्रम न कराने के संबंध में चेतावनी दी गई।
पुलिस एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि बच्चों से मजदूरी कराने के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और बाल श्रम कराने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिलकार्रवाई करने वाली टीम में थाना एएचटी प्रभारी विपिन कुमार, उपनिरीक्षक सोबरन सिंह, उपनिरीक्षक सुधीर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनीत त्रिपाठी तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष सिंह शामिल रहे।