आबकारी विभाग ने शराब दुकानों का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रा को लेकर दिए विशेष निर्देश
Gargachary Times
18 August 2026, 20:23
42 views
Firozabad
जिलाधिकारी के आदेश एवं उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार तथा जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशन में मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने शिकोहाबाद क्षेत्र में फुटकर मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद ने स्टाफ के साथ दुकानों की व्यवस्थाओं और बिक्री प्रक्रिया का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को दुकान परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, दुकान के बाहर मदिरा का सेवन न होने देने तथा ग्राहकों की मांग के अनुरूप विभिन्न ब्रांडों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यूपीएमएल की 100 एमएल धारिता वाली बोतलों का पर्याप्त स्टॉक रखने के लिए भी कहा गया।अधिकारियों ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने और पॉस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने, ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री करने की हिदायत दी गई।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए आबकारी विभाग ने दुकानदारों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों पर पर्दे लगाने तथा दुकानों के आसपास विशेष साफ-सफाई रखने को कहा गया, ताकि कांवड़ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री निर्धारित नियमों और मूल्य के अनुसार ही की जाए तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।