Loading...

डीएम ने छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र, लक्ष्य निर्धारण और टाइम मैनेजमेंट पर किया संवाद

Gargachary Times 18 August 2026, 20:24 34 views
Firozabad
डीएम ने छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र, लक्ष्य निर्धारण और टाइम मैनेजमेंट पर किया संवाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से जनपद में शिक्षा और युवा कल्याण के क्षेत्र में अभिनव पहल की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत आईएएस, आईपीएस, आईएफएस एवं राज्य सिविल सेवा के युवा अधिकारी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अन्य इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें कैरियर और जीवन में सफलता के लिए मार्गदर्शन देंगे।इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टूंडला पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम से जनपद के करीब 85 इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में कैरियर, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की राह को लेकर उत्पन्न भ्रम एवं असमंजस को दूर करना रहा।जिलाधिकारी ने मार्गदर्शक एवं प्रेरक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को प्रभावी पढ़ाई के तरीके, टाइम मैनेजमेंट, सही रोल मॉडल का चयन और लक्ष्य प्राप्त करने के उपाय बताए। उन्होंने बोर्ड पर SWOT (Strength, Weakness, Opportunity, Threat) मॉडल के माध्यम से छात्राओं को अपनी ताकत और कमजोरियों को पहचानने का तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि अपनी ताकत को बढ़ाने और कमजोरियों पर नियंत्रण स्थापित करने के साथ लॉजिकल थिंकिंग, विज्ञान एवं भावनात्मक संतुलन का सही उपयोग कर कैरियर में सफलता हासिल की जा सकती है।संवाद के दौरान छात्राओं ने बेझिझक कैरियर, विषय चयन और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे। छात्रा वंदना ने जिलाधिकारी से पूछा कि सिविल सर्विसेज में जाने के लिए क्या करना चाहिए। इस पर डीएम ने कहा कि अपनी रुचि के अनुसार विषय का चुनाव करें और पूरी लगन व मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्ति में जुट जाएं।डीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी, परिश्रम एवं समर्पण बनाए रखें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि और लक्ष्य को समझते हुए सहयोग करें। उन्होंने कॉलेज की प्रधानाचार्य रंजना सहाय को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की गाइडेंस के लिए एक अच्छी टीम गठित की जाए, जो उनके अध्ययन में सहायता करने के साथ कैरियर एवं लक्ष्य निर्धारण में भी मार्गदर्शक की भूमिका निभाए। ‘फिरोजाबाद सुशासन’ यूट्यूब चैनल से मिलेगा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन जिला प्रशासन की इस पहल को व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए ‘फिरोजाबाद सुशासन’ (Firozabad Sushasan) नाम से समर्पित यूट्यूब चैनल भी शुरू किया जा रहा है। इस चैनल पर प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन, सफलता के टिप्स और विभिन्न विषयों पर आयोजित वार्ताओं को रिकॉर्ड कर अपलोड किया जाएगा। इससे दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी किसी भी समय अधिकारियों के व्याख्यान सुनकर लाभ उठा सकेंगे।चैनल के माध्यम से जनपद में चलाए जा रहे सुशासन अभियानों एवं प्रशासनिक उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा। जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल युवाओं को सही दिशा देने तथा प्रशासनिक एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Follow Samachar24