Loading...

स्थायी लोक अदालत और मध्यस्थता से त्वरित न्याय पर अधिवक्ताओं का संवेदीकरण

Gargachary Times 18 August 2026, 20:26 43 views
Firozabad
स्थायी लोक अदालत और मध्यस्थता से त्वरित न्याय पर अधिवक्ताओं का संवेदीकरण
जनपद न्यायालय परिसर, फिरोजाबाद में मंगलवार को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं मध्यस्थता प्रक्रिया को लेकर अधिवक्ताओं के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की अधिकारिता, कार्यप्रणाली और उपयोगिता के साथ ही मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्री अरविंद कुमार सिंह, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार सिंघल तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनपद के अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत की भूमिका और उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के सरल, त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत महत्वपूर्ण वैकल्पिक विवाद समाधान मंच है। अधिवक्ताओं को प्री-लिटिगेशन स्तर पर विवादों के निस्तारण तथा स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकने वाले मामलों की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। मध्यस्थता के महत्व पर जोर देते हुए बताया गया कि इसमें पक्षकारों के बीच संवाद, आपसी समझ और विश्वास के माध्यम से विवाद का समाधान तलाशा जाता है। इससे समय और संसाधनों की बचत होने के साथ न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम करने में भी मदद मिलती है।अधिवक्ताओं से आह्वान किया गया कि वे उपयुक्त मामलों में अपने मुवक्किलों को स्थायी लोक अदालत एवं मध्यस्थता जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान माध्यमों की जानकारी दें और आपसी सहमति से विवाद निस्तारण के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं।कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि विवादों का समाधान केवल न्यायिक निर्णय से ही नहीं, बल्कि संवाद, समझ और सहमति के माध्यम से भी संभव है। आमजन को सुलभ, त्वरित और कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराने में स्थायी लोक अदालत एवं मध्यस्थता व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
Follow Samachar24