स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने ADO पर लगाए गंभीर आरोप, डीएम से हटाने की मांग
Gargachary Times
18 August 2026, 20:27
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। विकास खंड शिकोहाबाद में तैनात सहायक विकास अधिकारी आईएसबी धर्मेन्द्र कुमार पर स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर समूह की महिलाओं ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर एडीओ को तत्काल शिकोहाबाद से हटाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि एडीओ धर्मेन्द्र कुमार देर रात करीब 11 बजे स्वयं सहायता समूह की दीदियों और संकुल स्तरीय समिति के पदाधिकारियों को फोन व वीडियो कॉल करते हैं। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और विभिन्न कार्यों से संबंधित पासवर्ड साझा करने के लिए दबाव बनाया जाता है।महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान से मिलने को लेकर एडीओ द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है। प्रार्थना पत्र में कथित टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि "दूसरा पति करना पड़ेगा तभी काम होगा"।दीदियों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार के कारण उनके लिए एडीओ के साथ काम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धर्मेन्द्र कुमार को शिकोहाबाद विकास खंड से नहीं हटाया गया तो सभी स्वयं सहायता समूहों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शिकायत की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।