पीआरडी जवानों को मिला कैशलेस चिकित्सा योजना का तोहफा, बहुमंजिला बैरक का हुआ शिलान्यास
Gargachary Times
18 August 2026, 20:34
36 views
Jalaun
उरई। महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ के ग्राम एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। साथ ही पीआरडी जवानों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, सदर विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप सिंह, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान एवं अधिकारी मौजूद रहे।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि पीआरडी जवान कानून व्यवस्था समेत विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में शासन-प्रशासन का सहयोग करते हैं। विषम परिस्थितियों में भी जवान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। कैशलेस चिकित्सा योजना से जवानों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीआरडी जवान कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न अवसरों पर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं। उन्होंने पीआरडी जवानों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीआरडी कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने कार्यालय भवन के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही। वहीं जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने पीआरडी जवानों की सुविधा के लिए बड़े हॉल के निर्माण हेतु मंत्री निधि से धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे। जवानों ने मुख्यमंत्री द्वारा उनके हित में की गई घोषणाओं एवं योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।