नगला खंगर पुलिस ने पकड़ी 131 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, तस्करी में प्रयुक्त बुलेरो पिकअप बरामद
Gargachary Times
19 August 2026, 20:05
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना नगला खंगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से राजस्थान निर्मित 131 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 6288 क्वार्टर शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5.03 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बुलेरो पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना नगला खंगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बुलेरो पिकअप संख्या RJ 37 GB 3540 में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या-65 के पास लखनऊ की ओर जाने वाली लेन में पिकअप डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से राजस्थान निर्मित 131 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। इनमें रॉयल क्लासिक व्हिस्की के 5856 क्वार्टर तथा कंट्री क्लब डीलक्स के 432 क्वार्टर शामिल हैं। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5,03,040 रुपये आंकी गई है।
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से एक ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड भी मिला है। दस्तावेजों के आधार पर एक व्यक्ति की पहचान राजस्थान के जयपुर जिले के विराटनगर तहसील क्षेत्र निवासी मुकेश सिंह के रूप में हुई है।