Loading...

जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी की बैठक में दिए निर्देश

Gargachary Times 19 August 2026, 20:09 47 views
Firozabad
जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी की बैठक में दिए निर्देश
कोंच ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आगामी 26 अगस्त, बुधवार को प्रस्तावित जुलूस-ए-मोहम्मदी (बारावफात) को लेकर कोंच पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जुलूस को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम 5:30 बजे कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम अभिनव कुमार, सीओ परमेश्वर प्रसाद और कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह ने मुस्लिम समाज एवं जुलूस कमेटी के पदाधिकारियों से जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम अभिनव कुमार ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ जुलूस निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी व्यक्ति को परेशानी हो या शांति व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने निर्धारित नियमों का पालन करने पर जोर दिया। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने डीजे की ध्वनि और आकार को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और उसकी लंबाई-चौड़ाई को लेकर प्रशासन के निर्देशों का पालन किया जाए। साथ ही लोहे के पोल पर झंडे आदि नहीं लगाने की हिदायत दी गई। कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान अराजकतत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और पूरे जुलूस मार्ग पर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में जुलूस कमेटी के सदर एवं सभासद शमशुद्दीन मंसूरी, आजादुद्दीन, काजी बशीरुद्दीन, मोहम्मद अहमद, हाफिज साबिर अली, एनुल आरफीन एडवोकेट, नन्नू कुरैशी, हामिद बरकाती, फहीमुद्दीन, अशफाक गौरी, विहिप जिला मंत्री साकेत शांडिल्य सहित मुस्लिम समाज एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने बैठक के माध्यम से स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस-प्रशासन ने आयोजकों और आमजन से सहयोग की अपील की है।
Follow Samachar24