मिलावटी दूध के खिलाफ खाद्य विभाग का अभियान, चार नमूने जांच के लिए भेजे
Gargachary Times
20 August 2026, 20:48
49 views
Jalaun
उरई, जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद जालौन में मिलावटी दूध एवं दुग्ध उत्पादों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान चलाकर चार नमूने संग्रहित किए। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. सी.आर. प्रजापति के निर्देशन में दो टीमों का गठन किया गया।
प्रथम टीम ने तहसील माधौगढ़ के जगम्मनपुर स्थित कामधेनु डेयरी और केशव डेयरी से दूध के एक-एक नमूने लिए। वहीं दूसरी टीम ने तहसील कालपी के नियामतपुर स्थित जितेंद्र सिंह की पनीर निर्माण इकाई से पनीर का नमूना तथा काशीराम खेड़ा स्थित अनन्त प्रताप डेयरी से मिश्रित दूध का नमूना संग्रहित किया।
चारों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार कटियार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार और महेश प्रसाद शामिल रहे।
डॉ. प्रजापति ने बताया कि जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित दूध तथा दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने की सख्त हिदायत दी जा रही है।
इसी दिन खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से प्राथमिक विद्यालय गढ़र, प्राथमिक विद्यालय कुकरगांव और कन्या प्राथमिक विद्यालय गढ़र के विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन में प्रयोग होने वाली खाद्य सामग्री के 24 नमूनों की जांच भी की गई, जिसमें सभी नमूने मानक के अनुरूप पाए गए।
विभाग ने कहा कि जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।