Loading...

नसीरपुर औद्योगिक क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, 24 अगस्त को आएगी यूपीडा की टीम

Gargachary Times 20 August 2026, 20:57 55 views
Firozabad
नसीरपुर औद्योगिक क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, 24 अगस्त को आएगी यूपीडा की टीम
फिरोजाबाद। नसीरपुर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति का जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने और स्थानीय उद्यमियों को भूमि खरीदकर इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि यूपीडा द्वारा नसीरपुर में करीब 354 एकड़ भूमि अधिगृहीत की गई है। प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया के तहत यूपीडा के ‘उप्ला’ पोर्टल पर चार प्लॉट आवंटन के लिए प्रदर्शित किए गए थे। इनमें 10 एकड़ का एक प्लॉट के.एन. इंजीनियरिंग तथा 4 एकड़ का एक प्लॉट अतुल इंजीनियरिंग को आवंटित किया जा चुका है। वर्तमान में प्लॉट संख्या 6 एवं 7 आवंटन प्रक्रिया के लिए पोर्टल पर प्रदर्शित हैं। अधिकारियों ने बताया कि यूपीडा द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में भूमि की दर 4,400 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 24 अगस्त को यूपीडा की विशेष टीम नसीरपुर औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेगी। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों एवं निवेशकों के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर संवाद किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित निकायों को निर्देश दिए कि उद्यमियों को नसीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक भूमि क्रय कर उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। निवेशकों को भूमि आवंटन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियों को तेजी मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि नसीरपुर औद्योगिक गलियारे के पूर्ण रूप से विकसित होने से जनपद में बड़े पैमाने पर निवेश आने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
Follow Samachar24