ग्राम प्रहरियों की गोष्ठी में SSP ने दिए सतर्कता के निर्देश, छह चौकीदार प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
Gargachary Times
20 August 2026, 20:59
38 views
Firozabad
पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद की अध्यक्षता में जनपद के सभी थानों के ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का उद्देश्य गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं को तत्काल पुलिस तक पहुंचाकर अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रहा।
एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। किसी भी महत्वपूर्ण सूचना अथवा घटना की जानकारी बिना देरी संबंधित थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी घटना की सूचना को छिपाया न जाए और पुलिस को जानकारी देते समय किसी भी प्रकार का पक्षपात न किया जाए। संवेदनशील या गंभीर मामलों की सूचना सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचाने के लिए ग्राम प्रहरियों को उनका व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया।गोष्ठी के दौरान अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले छह ग्राम प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य ग्राम प्रहरियों को भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जनपद के समस्त ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।