पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर निकली तिरंगा यात्रा, हजारों कर्मचारियों ने बुलंद की आवाज
Gargachary Times
21 August 2026, 20:25
4 views
Firozabad
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय आंदोलन (NMOPS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकजुटता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य सरकार का ध्यान सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को पुनः बहाल करने की मांग की ओर आकर्षित करना रहा। विभिन्न कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एक मंच पर एकत्र हुए और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से उठाया।
इस अवसर पर आगरा मंडल अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र सिंह ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी अपना पूरा जीवन देश और समाज के निर्माण में समर्पित करता है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना बहाल करनी चाहिए।
अटेवा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार कृष्णज ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। वहीं जिला महामंत्री डॉ. सहदेव सिंह चौहान ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन जल्द बहाल करनी चाहिए।कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है, इसलिए इसे अवश्य बहाल किया जाना चाहिए। संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों को अल्प अवधि के कार्यकाल के बाद पेंशन मिल सकती है तो कर्मचारियों को पेंशन से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है।यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों के साथ “पुरानी पेंशन बहाल करो” के नारे गूंजते रहे। कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में देशभर में चल रहा पुरानी पेंशन बहाली का अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी संगठनों के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा में गौरी शंकर बिंद, जयकुमार सिंह, विकास यादव, शिवम उपाध्याय, चंदन यादव, अवधेश यादव, यतेंद्र यादव, कमल यादव, राठौर, मिथिलेश गोला,, प्रेमवीर सिंह, सुरेश चंद्र, राजेश कुशवाहा, अनिल कुमार सिंह, दिनेश यादव, दिलीप जाटव, रामाशीष सिंह, भुवनेश चंद्र, उमाशंकर व्यास, शमसुद्दीन, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।