डीएम ने नारायण डिग्री कॉलेज के अभ्युदय कोचिंग सेंटर का किया औचक निरीक्षण, छात्रों से किया संवाद
Gargachary Times
21 August 2026, 20:29
1 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को नारायण डिग्री कॉलेज, शिकोहाबाद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोचिंग सेंटर की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, बुनियादी सुविधाओं और अध्ययन के वातावरण का जायजा लिया।मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए तैयार करना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों और कैरियर विकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सही दिशा चुनने, निरंतर मेहनत करने तथा किसी भी प्रकार के भटकाव से बचते हुए पढ़ाई और कैरियर पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने कोचिंग सेंटर में उपलब्ध डिजिटल बोर्ड, अध्ययन सामग्री और विषयवार पाठ्यक्रम की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद भी मौजूद रहे।