Loading...

ई-लॉटरी से 62 किसानों का कृषि यंत्रों के लिए हुआ चयन, खाते में डीबीटी से पहुंचेगा अनुदान

Gargachary Times 21 August 2026, 20:30 1 views
Firozabad
ई-लॉटरी से 62 किसानों का कृषि यंत्रों के लिए हुआ चयन, खाते में डीबीटी से पहुंचेगा अनुदान
फिरोजाबाद। कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों में से लाभार्थियों का चयन शुक्रवार को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। ई-लॉटरी की प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के समक्ष पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस दौरान ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसान भी मौजूद रहे। ई-लॉटरी के माध्यम से विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 62 किसानों का चयन किया गया।चयनित किसानों में पुष्पेंद्र कुमार का 30 लाख रुपये की लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए विकासखंड अरांव, रामगोपाल का 10 लाख रुपये के कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए विकासखंड एका, कुंवरपाल का कृषि ड्रोन के लिए विकासखंड एका तथा अवनीश कुमार का कृषि यंत्र ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस के लिए विकासखंड शिकोहाबाद से चयन किया गया है। चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से चयन की सूचना उपलब्ध कराई गई। किसानों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित कृषि यंत्र खरीदने के बाद नियमानुसार अनुदान की धनराशि उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह, कृषि विभाग के कर्मचारी एवं संबंधित किसान उपस्थित रहे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ना, कृषि कार्यों को सुगम बनाना और कृषि लागत को कम करना है। उन्होंने किसानों से विभाग द्वारा संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
Follow Samachar24