Loading...

मथुरा-वृंदावन में सुगम यातायात के लिए बनेगी नई कार्ययोजना, प्रमुख मार्गों का होगा अपग्रेडेशन

Gargachary Times 22 August 2026, 19:37 43 views
Mathura
मथुरा-वृंदावन में सुगम यातायात के लिए बनेगी नई कार्ययोजना, प्रमुख मार्गों का होगा अपग्रेडेशन
मथुरा। मथुरा-वृंदावन में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रमुख मार्गों के अपग्रेडेशन, जंक्शन इंप्रूवमेंट, सिटी बस संचालन तथा परिक्रमा मार्ग कॉरिडोर को सुविकसित किए जाने को लेकर मंडलायुक्त महोदय तथा पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव, जाम वाले स्थानों, चौराहों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रमुख मार्गों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उनका अपग्रेडेशन कराया जाए, जिससे वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए। जंक्शन होंगे बेहतर, जाम वाले स्थानों पर विशेष ध्यान अधिकारियों को प्रमुख चौराहों एवं जंक्शनों का सर्वे कराकर जंक्शन इंप्रूवमेंट की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। यातायात के दबाव वाले स्थानों पर लेन व्यवस्था, सिग्नल व्यवस्था, डिवाइडर, यू-टर्न, पार्किंग तथा पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कराने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जहां बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां यातायात पुलिस एवं संबंधित विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करें। यातायात संचालन में किसी प्रकार की अव्यवस्था सामने आने पर संबंधित विभाग तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका निराकरण सुनिश्चित करें। सिटी बस संचालन को लेकर भी दिए निर्देश मथुरा-वृंदावन में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिटी बस संचालन की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संभावित रूटों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा प्रमुख आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए सिटी बस संचालन की व्यवहारिक योजना तैयार की जाए। सिटी बसों के संचालन से निजी वाहनों का दबाव कम करने के साथ ही स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया। परिक्रमा मार्ग कॉरिडोर को विकसित करने पर जोर मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए परिक्रमा मार्ग कॉरिडोर को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाए जाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परिक्रमा मार्ग पर पैदल श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। अधिकारियों से कहा गया कि धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले क्षेत्रों में विकास कार्य इस प्रकार कराए जाएं कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो। विभागों में बेहतर समन्वय के निर्देश बैठक में स्पष्ट किया गया कि मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। प्रत्येक प्रस्ताव की व्यवहारिकता, यातायात दबाव और भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मथुरा के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24