Loading...

सफलता के लिए अनुशासन, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प जरूरी: एडीएम कल्पना जायसवाल

Gargachary Times 22 August 2026, 19:44 39 views
Firozabad
सफलता के लिए अनुशासन, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प जरूरी: एडीएम कल्पना जायसवाल
‘‘सफलता का मार्ग अधिकारियों के साथ’’ श्रृंखला के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने सुगरा बेगम इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण एवं जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कार्यक्रम में करीब 4150 छात्र-छात्राएं जुड़े, जबकि लगभग 150 छात्राओं ने प्रत्यक्ष रूप से प्रतिभाग किया। अपर जिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मन में जुनून होना चाहिए, लेकिन व्यवहार में विनम्रता बनाए रखते हुए अहंकार से दूरी रखना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को वर्तमान दौर में उपलब्ध सूचनाओं के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कहा कि आज सूचनाओं की भरमार है और भ्रमित करने वाली सामग्री भी आसानी से उपलब्ध है। ऐसे में विद्यार्थियों को सही, उपयोगी और विश्वसनीय जानकारी का चयन करना सीखना चाहिए।एडीएम ने छात्राओं से अपनी आंतरिक क्षमता और रुचि को पहचानकर कैरियर का चुनाव करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उसके प्रति स्पष्टता और निरंतर प्रयास सफलता की राह आसान बनाते हैं। शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने छात्राओं से गंभीरता से अध्ययन करने की अपील की। व्यवहारिक जीवन की समझ विकसित करने के लिए उन्होंने पंचतंत्र की कहानी का उदाहरण दिया। साथ ही जैन दर्शन के स्यादवाद सिद्धांत के माध्यम से समझाया कि किसी विषय को केवल एक दृष्टिकोण से पूर्ण सत्य मानने के बजाय विभिन्न दृष्टिकोणों को समझना चाहिए और निरंतर सीखते रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आफरीन शाहिद और उजमा ने कैरियर से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका अपर जिलाधिकारी ने सहजता, विनम्रता और शालीनता से जवाब दिया। जवाब सुनकर छात्राएं संतुष्ट नजर आईं। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, एडीआईओएस सतेंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
Follow Samachar24