रसोइयों को मिला ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज का तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ ₹3 हजार
Gargachary Times
23 August 2026, 20:34
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा और सम्मान को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सेवारत रसोइयों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मेयर कामिनी राठौर मौजूद रहीं। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
जनपद के परिषदीय विद्यालयों में करीब 4006 रसोइया सेवाएं दे रही हैं। शासन द्वारा उनका मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं साड़ी क्रय के लिए मिलने वाली वार्षिक ₹500 की सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है। भोजन की स्वच्छता और हाइजीन सुनिश्चित करने के लिए रसोइयों को प्रतिवर्ष एप्रन, ग्लव्स और कैप भी उपलब्ध कराए जाएंगे।इसके अतिरिक्त बिना किसी प्रीमियम के दुर्घटना की स्थिति में परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता एवं बीमा कवर की सुविधा भी दी जाएगी। कार्यक्रम में मंजू देवी, मिथिलेश, प्रीति, सरला देवी, राममूर्ति और अनीता देवी को आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख के कैश कार्ड प्रदान किए गए।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि रसोइया विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर मातृशक्ति की तरह उनकी देखभाल करती हैं। उन्होंने इन रसोइयों को ‘मातृ शक्ति सेविका’ की संज्ञा देते हुए सुविधाओं को रक्षाबंधन का बड़ा उपहार बताया।