Loading...

कांवड़ मार्ग और शिविरों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Gargachary Times 23 August 2026, 20:41 44 views
Firozabad
कांवड़ मार्ग और शिविरों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ रविवार को टूंडला-एटा मार्ग पर टूंडला चौराहा से निहाल सिंह की पुलिया तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान कांवड़ शिविरों का भी दौरा किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग एवं शिविरों में व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं। वहीं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
Follow Samachar24