रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई, सात नमूने जांच के लिए भेजे
Gargachary Times
25 August 2026, 20:28
33 views
Mathura
आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने बाजना क्षेत्र में विभिन्न डेयरियों एवं मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया। इस दौरान बजरंग डेयरी, बाजना से पनीर एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर के एक-एक नमूने, वीरेन्द्र डेयरी से मिश्रित दूध का एक नमूना तथा शिवम डेयरी से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा भूतेश्वर तिराहे स्थित मिष्ठान भंडार से घेवर और पेड़ा के एक-एक नमूने लिए गए। खाद्य सचलदल द्वारा कुल सात नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सचलदल में राज्य सचलदल के सदस्य मोहर सिंह कुशवाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा एवं नेहा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।