बारावफात को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ
Gargachary Times
25 August 2026, 20:31
19 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी बारावफात पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने पुलिस लाइन सभागार में बारावफात जुलूस की ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया।ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सतर्कता तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारावफात पर्व के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ मौजूद रहें।
एसएसपी ने निर्देशित किया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से हर संभव प्रयास करने पर जोर दिया।इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित बारावफात ड्यूटी में लगाए गए समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।