मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से 122 जोड़ों का हुआ विवाह, नवविवाहितों को मिला आशीर्वाद
Gargachary Times
25 August 2026, 20:31
37 views
Firozabad
टूण्डला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को लक्ष्मी फार्म हाउस, पीपल चौकी, चुल्हावली रोड टूण्डला में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में कुल 122 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 110 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के जोड़ों का एक साथ विवाह कराकर सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की अनूठी और जनकल्याणकारी पहल है। सामान्य परिवारों के सामने रोजगार, बच्चों की शादी और आकस्मिक चिकित्सा जैसी प्रमुख चिंताएं रहती हैं। बेटी के जन्म के बाद अभिभावक उसकी शादी के लिए जो बचत करते हैं, वह विवाह के समय खर्च हो जाती है। ऐसे में यह योजना परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पात्र परिवार लाभ प्राप्त कर सकते हैं। नववधू के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्धारित धनराशि भी उनके बैंक खाते में भेजी जा रही है। जिलाधिकारी ने पात्र एवं वंचित परिवारों से अपील की कि जिनकी बेटियों का विवाह तय हो चुका है, वे योजना का लाभ लेने के लिए आगे आएं।
विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से सामान्य परिवारों को बेटियों के विवाह की आर्थिक चिंता से राहत मिली है। सभी धर्मों और जातियों के जोड़ों का एक साथ विवाह कराकर सरकार सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रही है। समारोह में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों में भी उत्साह का माहौल रहा।