पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को एआई, ई-कॉमर्स और डिजिटल पेमेंट का प्रशिक्षण
Gargachary Times
25 August 2026, 20:34
53 views
Firozabad
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थियों के डिजिटल सशक्तिकरण और उनके उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सागर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (सागर आईटीआई), आगरा रोड टूंडला में एकदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के एमएसएमई विकास कार्यालय, आगरा की ओर से किया गया।सहायक निदेशक ग्रेड-I (प्रशा./डीडीओ) अभिषेक सिंह ने बताया कि कार्यशाला में लाभार्थियों को उत्पादों का उचित मूल्य निर्धारण, बाजार के बदलते रुझान, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, आकर्षक पैकेजिंग एवं लेबलिंग के माध्यम से ब्रांड वैल्यू बढ़ाने की जानकारी दी गई। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ब्रांडिंग, ओएनडीसी पर ऑनबोर्डिंग, क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान, प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक निदेशक अभिषेक सिंह ने किया। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए लाभार्थियों को अपने उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और निर्यात शुरू करने के तरीके बताए। सागर आईटीआई के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सागर ने भी योजना के महत्व पर प्रकाश डाला।
एसपीसी मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा की प्रोफेसर डॉ. सीमा सिंह ने मूल्य निर्धारण, बाजार के रुझान, प्रभावी बिक्री, ई-कॉमर्स तथा पैकेजिंग-लेबलिंग के जरिए ब्रांड पहचान मजबूत करने के व्यावहारिक गुर बताए। एसबीआई फिरोजाबाद के एलडीबीएम रमन कांत ने वित्तीय साक्षरता एवं बैंक ऋण से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जानकारी दी।
सहायक आयुक्त उद्योग गणेश सिंह ने प्रदेश सरकार की योजनाओं और निर्यात प्रोत्साहन संबंधी पहलों की जानकारी दी। वहीं NearShop के प्रतिनिधि गौरव राजपूत ने ओएनडीसी पर ऑनलाइन बिक्री और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाते हुए इच्छुक लाभार्थियों को प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड कराया।इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के शिवम कुमार ने डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंक खाता खोलने और क्यूआर कोड की सुविधा की जानकारी दी। एमएसएमई विकास कार्यालय के यंग प्रोफेशनल राहुल कुमार ने उद्यमिता विकास और एंटरप्रेन्योर माइंडसेट पर मार्गदर्शन दिया। डीपीएमयू फिरोजाबाद के अखिल पाठक ने एआई आधारित मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग की व्यावहारिक कार्यशाला कराई।समापन सत्र में लाभार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी और व्यावहारिक बताते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।