Loading...

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को बैंक प्रबंधकों के साथ हुई बैठक

Gargachary Times 25 August 2026, 20:34 29 views
Firozabad
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को बैंक प्रबंधकों के साथ हुई बैठक
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद की ओर से जनपद के सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने की।बैठक में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के तहत बैंक ऋण से संबंधित प्री-लिटिगेशन एवं लंबित मामलों के अधिकाधिक निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने बैंकों से संबंधित समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करें। संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस भेजकर उनसे प्रभावी संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जा सके।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में बैंक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। ऋण संबंधी मामलों के पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लाभों की जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। बैठक में बैंक प्रबंधकों से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए संदर्भित कराने की अपेक्षा की गई। साथ ही गुणवत्तापूर्ण एवं सार्थक निस्तारण सुनिश्चित करने में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए गए। अंत में सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा बैंक ऋण से जुड़े अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Follow Samachar24