नगर आयुक्त ने 3100 छात्रों से किया संवाद, सफलता के लिए मेहनत और अनुशासन का दिया मंत्र
Gargachary Times
25 August 2026, 20:35
50 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अभिनव पहल ‘सफलता का मार्ग अधिकारियों के साथ’ के अंतर्गत नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने पीडी जैन इंटर कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करीब 3000 विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से, जबकि लगभग 100 छात्र प्रत्यक्ष रूप से जुड़े। नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए आवश्यक गुणों की जानकारी देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन किया।विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए धैर्य, समर्पण और ईमानदारी से निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन के साथ कड़ी मेहनत करने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर अपने सपनों को साकार करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नगर आयुक्त से विभिन्न सवाल पूछे। कई छात्रों ने नौसेना, एनडीए और प्रशासनिक सेवाओं में जाने की इच्छा जताई। नगर आयुक्त ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।नगर आयुक्त ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्षों और सफलता की यात्रा को भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने नौसेना और एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विषयों की स्पष्ट समझ को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। नगर आयुक्त ने उनके सवालों के जवाब देकर उनका मनोबल बढ़ाया और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।