महिला आयोग सदस्य ने पीड़ित महिलाओं की सुनी समस्याएं, नवजात बेटियों को बांटी बेबी किट
Gargachary Times
25 August 2026, 20:35
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद। राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने निरीक्षण भवन में पीड़ित महिलाओं की समस्याओं की जनसुनवाई की। जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान कुल छह शिकायतें सामने आईं, जिनमें घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और संपत्ति विवाद से जुड़े मामले शामिल रहे।
महिला आयोग की सदस्य ने एक-एक कर पीड़ित महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़ी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा गंभीर मामलों में बिना देरी एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।मीना कुमारी ने कहा कि आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पीड़ित महिला न्याय की आस में भटकने को मजबूर न हो। महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। इस दौरान उप जिलाधिकारी शालिनी देवी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नवजात बेटियों को बांटी बेबी किट, दिलाई बेटियों के सम्मान की शपथजनसुनवाई के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी जिला अस्पताल परिसर स्थित सौ शैय्या अस्पताल पहुंचीं। यहां प्रसूति विभाग में महिला कल्याण विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम शालिनी देवी, सीएमएस नवीन जैन, चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ, प्रसूता महिलाएं एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना का उद्देश्य बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। इससे बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उनकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने में मदद मिलती है।मीना कुमारी ने कहा कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं और उन्हें बोझ समझने की मानसिकता को बदलना होगा। बेटियों को बेहतर पोषण, शिक्षा और समान अधिकार देकर उन्हें सशक्त नागरिक बनाया जा सकता है। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना सहित डाकघर से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र परिवारों से इनका लाभ उठाने की अपील की।इस अवसर पर नन्ही बेटियों के साथ केक कटिंग सेरेमनी आयोजित की गई तथा नवजात कन्याओं को बेबी किट वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी, अस्पताल के चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।