फिरोजाबाद को मिले 41 नए प्राविधिक सहायक, चयनित युवाओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र
Gargachary Times
25 August 2026, 20:36
43 views
Firozabad
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के 41 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मेयर कामिनी राठौर, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव तथा उप निदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह मौजूद रहे। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि जनपद को 41 प्राविधिक सहायक मिलने से कृषि क्षेत्र को तकनीकी मजबूती मिलेगी। ये तकनीकी सहायक किसानों को उन्नतशील खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने नवचयनित प्राविधिक सहायकों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर युवाओं को नियुक्ति का तोहफा दिया है। कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त कर्मचारी अपने कार्य और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाएं और किसानों तक शासन की योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ पहुंचाएं।
कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवचयनित प्राविधिक सहायकों में उत्साह नजर आया।