Loading...

पीएम किसान सम्मान निधि की समस्याओं के समाधान को जसराना में लगा शिविर

Gargachary Times 25 August 2026, 20:36 62 views
Firozabad
पीएम किसान सम्मान निधि की समस्याओं के समाधान को जसराना में लगा शिविर
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए विकासखंड जसराना स्थित कृषि विभाग के सभागार में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किसानों की समस्याएं सुनकर उनके मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप कृषि निदेशक एसपी सिंह के निर्देशन में हुआ।उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में 2.37 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए किसानों का बायोमेट्रिक ई-केवाईसी, बैंक खाते का आधार से लिंक होना तथा भूलेख अंकन के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराया जाना अनिवार्य है।उन्होंने बताया कि जिन किसानों को उत्तराधिकार के माध्यम से कृषि भूमि प्राप्त हुई है, उन्हें पीएम किसान पोर्टल पर मृतक पिता अथवा पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार, खतौनी सहित आवश्यक अभिलेख अपलोड कराने होंगे। उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। तहसील से संबंधित मामलों के समाधान के लिए क्षेत्रीय लेखपालों से समन्वय स्थापित किया जाए। पीएम किसान योजना प्रभारी रमन देव शर्मा ने किसानों को बताया कि वे पीएम किसान पोर्टल के फार्मर कॉर्नर पर जाकर अपना स्टेटस स्वयं देख सकते हैं अथवा जनसेवा केंद्र की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उप कृषि निदेशक कार्यालय में पीएम किसान हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां किसान अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में बीज गोदाम प्रभारी जसराना संतोष कुमार, प्राविधिक सहायक विजय कुमार, बीटीएम शिव नंदन, एटीएम महिपाल, एटीएम स्वदेश दुबे सहित कृषि विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Follow Samachar24