31 अगस्त से पहले किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का कराएं फसल बीमा: सीडीओ
Gargachary Times
25 August 2026, 20:37
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समस्त बैंक समन्वयकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने बैंकों को निर्देश दिए कि 31 अगस्त से पूर्व सभी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) धारक किसानों का फसल बीमा अनिवार्य रूप से कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि फसल बीमा किसानों के लिए प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। इसलिए सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए बैंक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाए और किसी भी पात्र किसान का बीमा छूटने न पाए।
बैठक में उप कृषि निदेशक एसपी सिंह ने फसल बीमा की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूपी ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक तथा एचडीएफसी बैंक में फसल बीमा की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने संबंधित बैंकों को अभियान चलाकर प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा नहीं कराना चाहते हैं, वे अपना ऑप्ट आउट फॉर्म तत्काल संबंधित बैंक में जमा करा दें, ताकि उनके संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
एलडीएम रमाकांत त्यागी ने भी सभी बैंकों से निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक किसानों का फसल बीमा कराने की अपील की। बैठक में भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार, एचडीएफसी एर्गो फसल बीमा कंपनी के मैनेजर मयंक शर्मा, प्रभारी फसल बीमा रमन देव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।