रोजगार मेले में 175 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार, 1125 युवाओं ने कराया पंजीकरण
Gargachary Times
25 August 2026, 20:37
44 views
Firozabad
रामसिंह महाविद्यालय, टूंडला क्षेत्र में जिला सेवायोजन कार्यालय, फिरोजाबाद की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत एकदिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर विधायक ने जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा रोजगार मेले के आयोजन की सराहना की और प्रतिभागी नियोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बेरोजगार अभ्यर्थियों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा रोजगार के अवसरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 18 कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 1125 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चयन प्रक्रिया के बाद 175 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से रोजगार के लिए चयनित किया गया। रोजगार मिलने से चयनित युवाओं में उत्साह नजर आया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभ्यर्थियों को जनपद में आयोजित होने वाले तहसील स्तरीय रोजगार मेलों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने और अपनी योग्यता व क्षमताओं के अनुरूप कंपनियों में अवसर तलाशने का आह्वान किया।जिला सेवायोजन अधिकारी खुशबू शाक्य ने विभागीय योजनाओं एवं रोजगार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई जारखी की प्रधानाचार्य हेमलता यादव, राजकीय पॉलीटेक्निक भौडेला टूंडला के प्रधानाचार्य मधुवन प्रसाद, रामसिंह महाविद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।