बारावफात जुलूस मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
Gargachary Times
25 August 2026, 20:37
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बारावफात के जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।दोनों अधिकारियों ने नगला बरी से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद शीतल खां रोड, मोहम्मदपुर चौकी, सर्कुलर रोड, हाजीपुरा और 30 फुटा होते हुए नैनी ग्लास चौराहे तक जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई तथा मार्ग में आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। मार्ग में कहीं भी अव्यवस्था, अतिक्रमण या यातायात बाधित होने की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि बारावफात पर्व के दौरान आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी का भरोसा दिलाया।