शिकोहाबाद पुलिस ने 256 मुकदमों के माल मुकदमाती का कराया निस्तारण, 40 लाख की शराब नष्ट
Gargachary Times
25 August 2026, 20:38
41 views
Firozabad
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिकोहाबाद पुलिस ने न्यायालय की अनुमति के बाद आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल 256 अभियोगों के माल मुकदमाती का नियमानुसार निस्तारण एवं विनष्टीकरण कराया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में की गई।पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को न्यायालय की अनुमति से आबकारी अधिनियम से संबंधित 30 अभियोगों में बरामद अंग्रेजी एवं देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है, का नियमानुसार निस्तारण कराया गया। वहीं 17 अगस्त 2026 को न्यायालय की अनुमति के बाद आर्म्स एक्ट से संबंधित 226 अभियोगों के माल मुकदमाती का भी निस्तारण किया गया।
इनमें 154 अभियोगों से संबंधित तमंचे एवं कारतूस तथा 72 अभियोगों से संबंधित चाकू, कपड़े आदि माल मुकदमाती शामिल थे। पुलिस टीम द्वारा न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई, ताकि निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार रहे। कार्रवाई एसडीएम शिकोहाबाद, क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद शेखर सेंगर, प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राना तथा मालखाना हेड कांस्टेबल 567 बच्चू सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में माल मुकदमाती के निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी नियमानुसार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।