शिकायत के बाद भारती फूड्स पर खाद्य विभाग की छापेमारी
Gargachary Times
26 August 2026, 20:34
36 views
Mathura
वृंदावन। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को हरि निकुंज चौराहा स्थित भारती फूड्स पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से राजभोग और घेवर के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान में संचालित रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया और वहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नामचीन प्रतिष्ठान पर हुई इस कार्रवाई के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता और ग्राहकों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य जतिन कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण राणा समेत विभागीय टीम मौजूद रही।