Loading...

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1000 किलो खोया नष्ट; दो के खिलाफ एफआईआर

Gargachary Times 26 August 2026, 20:42 43 views
Firozabad
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1000 किलो खोया नष्ट; दो के खिलाफ एफआईआर
फिरोजाबाद। रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी फिरोजाबाद के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पाण्डेय के नेतृत्व में टीमों ने मंगलवार देर रात नगला महासुख में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल नौ नमूने लिए गए, जबकि करीब 1000 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये थी, मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं दो व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई।टीम रात करीब 12 बजे नगला महासुख पहुंची। कार्रवाई के दौरान कप्तान सिंह के परिसर से घी, अपमिश्रक, खोया, मिश्रित दूध और एसएमपी पाउडर के छह नमूने लिए गए। परिसर में रखा करीब 600 किलोग्राम खोया, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई, नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसी तरह धर्म सिंह के परिसर से खोया और एसएमपी पाउडर के दो नमूने लिए गए। यहां मौजूद करीब 400 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये थी, नष्ट कराया गया। इसके अलावा विक्रम सिंह के परिसर से खोया का एक नमूना संग्रहित किया गया।सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कप्तान सिंह और धर्म सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त ने उपजिलाधिकारी सिरसागंज से संपर्क कर पुलिस बल और नायब तहसीलदार एनपी सिंह को भी मौके पर लगाया। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, संदीप कुमार, मनोज कुमार, यशपाल यादव और अरुण कुमार शामिल रहे। खाद्य विभाग ने की अपील: विभाग ने लोगों से प्रतिष्ठित एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही मिठाई खरीदने, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण व अंतिम उपयोग तिथि, बैच नंबर तथा FSSAI लाइसेंस की जानकारी जांचने की अपील की है। अत्यधिक चमकीली या अस्वाभाविक रंग वाली मिठाइयों तथा लंबे समय से खुले में रखे खोया, दूध व दुग्ध उत्पादों को खरीदने से बचने की सलाह दी गई है।
Follow Samachar24