देश की रक्षा में समर्पित जवानों को ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधा परमात्म शक्ति और स्मृति का रक्षासूत्र
Gargachary Times
27 August 2026, 19:35
63 views
Mathura
मथुरा। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने जीवन को समर्पित करने वाले सशस्त्र सेवा बलों के जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने उन्हें परमात्म स्मृति और शक्तियों का रक्षासूत्र बांधा। देश की सुरक्षा के लिए अपने घर-परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभा रहे जवानों का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें परिवार जैसी आत्मीयता और अपनेपन की अनुभूति कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बीके कृष्णा दीदी के मार्गदर्शन में 16वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, मथुरा रिफाइनरी स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) तथा पुलिस लाइन मुख्यालय में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं सुरक्षित जीवन की मंगलकामना की।
बहनों ने कहा कि जवानों का राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और त्याग पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजयोग एवं परमात्म चिंतन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित राजयोग अभ्यास से मन को सकारात्मक, स्थिर और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी आंतरिक शांति और संतुलन बनाए रखने के लिए प्रभु-स्मृति को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में 16वीं वाहिनी सीआरपीएफ के कमान अधिकारी श्री नितिन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी श्री जयप्रकाश सिंह, एडजूटेंट श्री रोहित त्रिपाठी, पुलिस लाइन प्रभारी श्री राम रतन तथा सीआईएसएफ मथुरा रिफाइनरी के कमांडेंट श्री नीरज भारती का विशेष सहयोग रहा।
ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से बीके पूजा, बीके मनोज, बीके बसंती, धर्मेंद्र, सुखवीर, बीके गौरी, बीके मनोहर, सौरभ, आलोक, प्रमोद वर्मा सहित अन्य सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।