खराब प्रगति पर चार विकास खंडों के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
27 August 2026, 20:32
69 views
Lucknow
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवार संतृप्तिकरण, समूह गठन, लखपति दीदी चिन्हांकन, आजीविका रजिस्टर फीडिंग, रिवॉल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि के व्यय, बैंक क्रेडिट लिंकेज तथा मॉडल प्रेरणा कैंटीन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान परिवार संतृप्तिकरण और समूह गठन में खराब प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विकास खंड शिकोहाबाद, नारखी, एका एवं टूंडला के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में अन्य विकास खंडों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपायुक्त स्वतः रोजगार तुलिका श्रीवास्तव, जिला मिशन प्रबंधक महेश कुमार तलवानी सहित सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक मौजूद रहे।