आईजीआरएस में खराब फीडबैक पर डीएम सख्त, दो दिन में सुधार के निर्देश
Gargachary Times
27 August 2026, 20:32
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में शिकायतों के निस्तारण और प्राप्त फीडबैक की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों में शिकायतों के निस्तारण के बाद असंतुष्ट फीडबैक की स्थिति खराब है, वे दो दिन के भीतर स्थिति में सुधार करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों में शिकायती प्रकरणों के निस्तारण में जन संतुष्टि का स्तर 80 प्रतिशत से कम रहेगा, वहां संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। वहीं जिन विभागों की स्थिति अत्यधिक खराब पाई जाएगी, उनके अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस एवं जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निगम एवं नगर पंचायतों के जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता कर असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों का दो दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम की समीक्षा के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी से संबंधित मामलों में 65 प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और दो दिन में सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।