स्कूलों के औचक निरीक्षण में डीएम ने परखी शिक्षा की गुणवत्ता, जर्जर आंगनबाड़ी भवन ध्वस्त कराने के निर्देश
Gargachary Times
29 August 2026, 20:51
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को फिरोजाबाद ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगला डरुआ, नगला खरसुली और उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला खरसुली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के पठन-पाठन का स्तर परखा और विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।प्राथमिक विद्यालय नगला डरुआ में जिलाधिकारी ने कक्षा पांच में छात्र मनीष से हिंदी की पुस्तक पढ़वाई। छात्र के बेहतर पठन कौशल की सराहना करते हुए डीएम ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें टॉफियां वितरित कीं। विद्यालय में 119 बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि निरीक्षण के दौरान 25 छात्र और पांच अध्यापक उपस्थित मिले। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा शिक्षण कार्य में और सुधार के निर्देश दिए।डीएम ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, दिव्यांग शौचालय और मध्याह्न भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। एमडीएम निर्धारित मीनू के अनुसार बनता पाया गया। प्रधानाचार्या ने विद्यालय के सामने खाली पड़ी भूमि को बच्चों के खेल मैदान के लिए आवंटित कराने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला खरसुली का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे और ‘पार्ट्स ऑफ बॉडी’ के नाम पूछकर उनकी शैक्षिक स्थिति परखी। बच्चों ने सवालों के सही जवाब दिए। विद्यालय में 74 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष 10 छात्र उपस्थित मिले। डीएम ने पेयजल, शौचालय और उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया।
नगला खरसुली के एक अन्य विद्यालय में 89 पंजीकृत बच्चों में से 52 छात्र तथा चार अध्यापक उपस्थित मिले। एमडीएम निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में बने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र के भवन को सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल ध्वस्त कराने के निर्देश दिए गए। कक्षा के सामने बने शौचालय को कवर करने के लिए ग्राम प्रधान को सुरक्षा दीवार बनवाने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि बेसिक शिक्षा में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में अध्यापकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालय परिसरों में नियमित और बेहतर साफ-सफाई के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।