Loading...

नवीन पीएचसी मटसेना में डीएम का औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल

Gargachary Times 29 August 2026, 20:52 37 views
Firozabad
नवीन पीएचसी मटसेना में डीएम का औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मटसेना का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति को परखा जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनसे दवाएं मिलने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी कक्ष और लैब का भी निरीक्षण किया। लैब में ब्लड टेस्ट मशीन चालू हालत में मिली। उपस्थित फार्मासिस्ट ने बताया कि प्रतिदिन करीब 10 से 15 मरीजों के सैंपल जांच के लिए लिए जाते हैं।डीएम ने मलेरिया जांच किटों की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक जांच की सुविधा लगातार और समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि बीमारी की पहचान में किसी प्रकार की देरी न हो।इसके बाद जिलाधिकारी ने औषधि वितरण कक्ष का निरीक्षण किया और पंजिका में दर्ज दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जांच की। चिकित्सकों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 160 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, जांच और दवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम सहित स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24