फिरोजाबाद बार चुनाव में बढ़ी चुनावी सरगर्मी, अधिवक्ताओं के मुद्दे बने चर्चा का केंद्र
Gargachary Times
29 August 2026, 20:55
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। बार काउंसिलिंग चुनाव को लेकर शनिवार को फिरोजाबाद कचहरी परिसर में चुनावी माहौल गरमाया रहा। सुबह से ही अधिवक्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक प्रचार सामग्री लेकर अपने उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील करते दिखाई दिए। कचहरी परिसर में जगह-जगह प्रत्याशियों की जीत-हार और चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
चुनाव के बीच अधिवक्ताओं की समस्याएं और उनकी मांगें भी प्रमुख मुद्दे बनकर सामने आईं। अधिवक्ताओं का कहना है कि चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित न रहे, बल्कि बार और अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े ठोस मुद्दों पर भी प्रभावी ढंग से काम होना चाहिए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए अधिवक्ताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाया है। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा, मेडिकल व्यवस्था, जरूरतमंद अधिवक्ताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक हितों को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही।
उन्होंने डबरई स्थित न्यायालय परिसर के आसपास अधिवक्ताओं के लिए आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में अधिवक्ता न्यायालय परिसर से जुड़े रहते हैं। ऐसे में आसपास आवास की सुविधा मिलने से उनके समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
रितेश शर्मा ने दावा किया कि उनके प्रयासों से सरकार द्वारा अधिवक्ताओं के लिए राशन कार्ड और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाओं की घोषणा की गई है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेज जिला पूर्ति कार्यालय में जमा कराकर राशन कार्ड की सुविधा का लाभ उठाएं।
अब मुद्दों की भी होगी परीक्षा
फिरोजाबाद बार का चुनाव अब केवल जीत-हार का मुकाबला नहीं रह गया है, बल्कि अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दे भी चुनावी चर्चा के केंद्र में हैं। चिकित्सा सुविधाओं से लेकर आवास, राशन कार्ड और कचहरी की मूलभूत व्यवस्थाओं तक कई विषय अधिवक्ताओं की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।अब निगाहें मतदान और परिणाम पर टिकी हैं कि अधिवक्ता अपने मत के जरिए किस प्रत्याशी पर भरोसा जताते हैं और बार की जिम्मेदारी किसके हाथों में सौंपते हैं। कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है और प्रत्याशियों का प्रचार भी अंतिम दौर में जोर पकड़ता नजर आ रहा है।