Loading...

जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त, लंबित शिकायतों पर होगी कार्रवाई

Gargachary Times 29 August 2026, 21:02 44 views
Firozabad
जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त, लंबित शिकायतों पर होगी कार्रवाई
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिविरों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के मानकों के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर शिकायत लंबित न रहे। डीएम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों के लंबित रहने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे से जुड़े सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता का तत्काल सत्यापन कर तथ्यों के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करें।समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन की ब्लॉकवार प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों को पेंशन की किस्त मिली है अथवा नहीं, इसकी रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रोवेशन विभाग की समीक्षा में निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य योजनाओं की पूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। दिव्यांग पेंशन योजना में पात्र लाभार्थियों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। जिला पूर्ति विभाग की समीक्षा में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गरीब कल्याण योजना के तहत गेहूं और चावल की गुणवत्ता खराब होने संबंधी सात शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई।बैठक में किसान सम्मान निधि योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को योजना से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग की समीक्षा में आयुष्मान योजना के लंबित प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें, ताकि पात्र लोगों को समय से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी योजना से संबंधित प्रार्थना पत्र लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24