व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने उठाईं समस्याएं, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
29 August 2026, 21:04
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों ने नगर निगम, बिजली, जल निकासी और शहर की धरोहर से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रशासन के सामने रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों ने शास्त्री मार्केट और चंद्रशेखर आजाद मार्केट की जर्जर सीढ़ियों का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने बताया कि बरसात में छत से पानी टपकता है और जर्जर सीढ़ियों के कारण ग्राहक, विशेषकर महिलाएं, फिसलकर चोटिल हो रही हैं। सहायक नगर आयुक्त को दुकानों के प्रॉपर्टी ट्रांसफर और जर्जर निर्माण के सुधार से संबंधित पत्र भी सौंपा गया।भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री सुनील पैगोरिया ने नवीन मंडी स्थल कोटला रोड में जल निकासी की समस्या की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि मंडी की भूमि बाहरी जमीन से नीचे है। मुख्य प्रवेश द्वार पर बने 12×30 फीट के टैंक में करीब 10 फीट तक सिल्ट जमा होने से पानी मैदान में भर रहा था। इस पर अपर नगर आयुक्त ने बताया कि टैंक की सफाई करा दी गई है।व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी ने शहर की धरोहर घंटाघर के जीर्णोद्धार का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि घंटाघर का निर्माण वर्ष 1970 में गोविंद राम अग्रवाल ने कराया था। नगर निगम की तोड़फोड़ के बाद इसके जीर्णोद्धार में करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
वहीं उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल शिकोहाबाद के नगर अध्यक्ष अजय मित्तल ने क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती की समस्या उठाई। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह ने व्यापारियों को बताया कि विद्युत संबंधी शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 9193304851, एई के नंबर 9193304911 तथा कंट्रोल रूम नंबर 9193304812 पर संपर्क किया जा सकता है।बैठक में सीडीओ शत्रोहन वैश्य, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार, उपायुक्त राज्य कर शेखर चौरसिया, सहायक आयुक्त राधा स्वामी मौर्य, अधिशासी अभियंता बिजेंद्र कुमार पाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रूपेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।