स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
Gargachary Times
31 August 2026, 20:43
50 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं सीएमएस सहित सीएचसी-पीएचसी के एमओआईसी मौजूद रहे।बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की। मई 2026 में स्वास्थ्य सूचकांकों में जिले को आठवीं तथा जून में 21वीं रैंक मिलने पर खराब प्रदर्शन वाले जसराना, अरांव, टूंडला और शहरी क्षेत्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सुधार के निर्देश देते हुए नोटिस जारी करने को कहा। वर्तमान में फिरोजाबाद स्वास्थ्य सूचकांक में 13वें स्थान पर है।जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि सरकारी अस्पतालों में प्रसव के 48 घंटे के भीतर भुगतान के मामले में जिले की 87 प्रतिशत प्रगति है और प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त है। हालांकि जिला महिला चिकित्सालय में भुगतान की प्रगति 73.57 प्रतिशत मिलने पर डीएम ने संबंधित जेएसवाई ऑपरेटरों से स्पष्टीकरण मांगने तथा सुधार न होने पर सेवा समाप्ति के निर्देश दिए।
आयुष्मान योजना में 10,39,554 लक्षित लाभार्थियों के सापेक्ष 7,27,789 कार्ड बनाए जा चुके हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड निर्माण की 75.3 प्रतिशत प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। सात नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों में शून्य प्रगति पाए जाने पर संबंधित संविदा चिकित्सकों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।डीएम ने शेष आभा आईडी शीघ्र बनाने, एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने और भ्रांतियां दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने सभी सीएचसी-पीएचसी पर पर्याप्त दवाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डेंगू की संवेदनशीलता को देखते हुए जलभराव रोकने और नियमित दवा छिड़काव कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।