डीएम की पहल पर फिरोजाबाद के 1,824 प्राथमिक विद्यालयों में चला स्वच्छता अभियान
Gargachary Times
31 August 2026, 20:45
36 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में सोमवार को जिले के 1,824 प्राथमिक विद्यालयों में विशेष स्वच्छता जन-जागरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर स्वच्छता अभियान में प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की।
अधिकारियों ने विद्यालय परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया। अधिकारियों को अपने बीच झाड़ू लगाते और सफाई करते देखकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हाथ धोने की सही तकनीक, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा आसपास के वातावरण को साफ रखने के फायदे बताए गए। साथ ही कई विद्यालयों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। प्राथमिक विद्यालय समाज की नींव हैं। जब बच्चे बचपन से ही स्वच्छ वातावरण और अच्छी आदतों को अपनाएंगे तो स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश और जागरूकता पैदा करना है।
एक ही दिन जिले के 1,824 प्राथमिक विद्यालयों में अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस अभियान से विद्यालयों में स्वच्छता का वातावरण बना और बच्चों में भी अपने घर, स्कूल तथा आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा रखने की प्रेरणा मिली।